अंक-1 : जनता की नज़र से

'लोकजीवन' आज से 'जनता की नजर से' एक साप्ताहिक कॉलम का प्रकाशन कर रहा है। इस पहले अंक में हम बिहार, देश और दुनिया की प्रमुख घटनाओं के साथ उनके सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक निहितार्थों की पड़ताल कर रहे हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि खबरों की चमक-दमक के पीछे छिपे उन सवालों को सामने लाया जाए, जो आम जनता के जीवन और भविष्य से जुड़े हैं।

इस सप्ताह की घटनाओं में एक ओर बिहार में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणाएँ हैं, दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जलवायु संकट से निपटने में राजनीतिक सहमति का अभाव है। दुनिया की तीन बड़ी शक्तियाँ परमाणु युद्ध रोकने की बात कर रही हैं, लेकिन युद्धों और मानवीय संकटों का समाधान अभी भी दूर है।

अलग-अलग जगहों पर घटी इन घटनाओं को अलग-अलग देखने के बजाय एक साझा प्रश्न से जोड़कर देखना जरूरी है कि क्या विकास की राजनीतिक घोषणाओं, चर्चाओं और योजनाओं के मौजूदा केंद्र में कौन है – आम आदमी का जीवन या शक्तिशाली राजनीतिक और आर्थिक समूह?

यही इस साप्ताहिक समीक्षा की केंद्रीय दृष्टि होगी।

1. 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाएँ : विकास की वास्तविक कसौटी क्या होगी?

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें सड़क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से संबंधित परियोजनाएँ शामिल हैं। नीतीश सेतु को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। 

यह बिहार के आधारभूत ढाँचे के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है। लेकिन विकास का अर्थ केवल संरचनाओं का विस्तार नहीं है, बल्कि इसके केंद्र में मानव-जीवन है। बिहार को केवल पुल, सड़क और भवन नहीं चाहिए। उसे गुणवत्तापूर्ण सरकारी स्कूल, अस्पताल, रोजगार और सम्मानजनक जीवन की गारंटी भी चाहिए। आधारभूत संरचना तभी जनकल्याणकारी विकास बनेगी जब उसका लाभ व्यापक समाज तक पहुँचेगा। इसलिए कुछ बुनियादी सवाल हैं कि इन परियोजनाओं से कितने स्थायी रोजगार पैदा होंगे? क्या स्थानीय मजदूरों और युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलेगी? क्या ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा की सार्वजनिक सुविधाएँ मजबूत होंगी? क्या परियोजनाओं का लाभ छोटे किसानों, दुकानदारों और कमजोर समुदायों तक पहुँचेगा? परियोजनाओं की लागत, समयसीमा और गुणवत्ता की सार्वजनिक जवाबदेही कैसे सुनिश्चित होगी?

2. बिहार का 20 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट

30 नवंबर से प्रस्तावित विधानसभा के शीतकालीन सत्र में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को अतिरिक्त धन मिलने की संभावना बताई गई है। 

यहाँ सबसे महत्वपूर्ण सवाल बजट की कुल राशि नहीं, बल्कि उसका आवंटन और वास्तविक खर्च है। इसलिए हम जानना चाहेंगे कि सरकारी स्कूलों में शिक्षक और बुनियादी सुविधाओं के लिए कितनी राशि है? सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और दवाओं की उपलब्धता के लिए कितना प्रावधान है? मनरेगा और ग्रामीण रोजगार के लिए कितना धन है? सामाजिक सुरक्षा पेंशन और कमजोर वर्गों के लिए कितनी राशि रखी गई है?

बजट का जनपक्षधर मूल्यांकन इन सवालों के जवाब से ही होगा।

3. नीतीश सेतु : पुल के नाम से आगे भी हैं सवाल

गंगा पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में है। यह उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को बेहतर बनाने की क्षमता रखता है। लेकिन इसके नामकरण को लेकर राजनीतिक विवाद भी हुआ है। 

हमारे लिए महत्वपूर्ण प्रश्न यह है कि विकास परियोजनाओं को राजनीतिक श्रेय की प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठाकर सार्वजनिक संपत्ति के रूप में क्यों नहीं देखा गया?

4. 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य

बिहार सरकार ने अगले पाँच वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य सामने रखा है। साथ ही 22 नवंबर को लगभग 1,380.80 करोड़ रुपये के प्रस्तावित औद्योगिक निवेश और 10 हजार रोजगार की चर्चा हुई। 

लेकिन अभी यह केवल घोषणा है। निवेश को आकर्षित करने के प्रयास का अर्थ निवेश को आकर्षित कर लेना नहीं होता है। निवेश कका प्रस्ताव भी वास्तविक निवेश के बराबर नहीं होता है और न रोजगार सृजन की संख्या की घोषणा वास्तविक स्थायी नौकरियाँ होती है। फिर यह भी ध्यातव्य होना चाहिए कि यह औद्योगिक निवेश किन शर्तों पर होनेवाला है। कहीं ऐसा न हो कि बिहार की उपजाऊ जमीन औने-पौने दामों में पूँजीपतियों को बाँटकर बिहारवासियों को भूमिहीन बनाने की शर्त पर यह विकास हो। बिहार को निवेश की जरूरत है, लेकिन ऐसी औद्योगिक नीति भी चाहिए, जिसमें कृषि संरक्षण, भूमि संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, श्रमिकों के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी भी हो।

5. सोनपुर मेला और स्थानीय अर्थव्यवस्था

22 नवंबर को सोनपुर मेले का उद्घाटन हुआ। यह बिहार की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, पशुपालन, छोटे व्यवसायों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा आयोजन है। मेले के साथ बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पुनर्विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपये की योजना की घोषणा भी हुई। 

यह आवश्यक है कि मेले की पारंपरिक पहचान और छोटे व्यापारियों की आजीविका को भी मेले की योजनाओं में स्थान मिलना चाहिए।

1. मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण और लोकतांत्रिक अधिकार

इस सप्ताह चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। निर्वाचन आयोग ने सर्वोच्च न्यायालय को बताया कि पुनरीक्षण के दौरान मसौदा मतदाता सूची से छूट गए मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास से भी फॉर्म जमा कर सकते हैं। 

चुनाव आयोग इस मुद्दे को अब भी केवल चुनावी प्रशासन की दृष्टि से देख रहा है। लेकिन यह विषय केवल चुनावी प्रशासन का नहीं, बल्कि नागरिकता के व्यवहारिक अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी का भी है।

इसलिए कुछ सवाल महत्वपूर्ण हो जाते हैं कि क्या इस प्रक्रिया से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित सकेगा? क्या गरीब, प्रवासी मजदूर, बेघर और दस्तावेजों की कमी से जूझ रहे लोग आसानी से अपना नाम जुड़वा सकते हैं? क्या पुनरीक्षण की यह प्रक्रिया पारदर्शी है? क्या किसी पात्र नागरिक को प्रशासनिक त्रुटि के कारण मतदान के अधिकार से वंचित होना पड़ेगा? यह कैसे सुनिश्चित हो सकेगा इस प्रक्रिया की समाप्ति पर सारे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सके हैं?

2. महँगाई : थोक मूल्य सूचकांक में 12.29 प्रतिशत वृद्धि

16 नवंबर को प्रकाशित अक्टूबर के आँकड़ों के अनुसार भारत की थोक महँगाई दर 12.29 प्रतिशत रही,जबकि सितंबर में यह 11.39 प्रतिशत थी। 

थोक महँगाई और खुदरा महँगाई अलग-अलग माप हैं। इसलिए इस आँकड़े को सीधे घरेलू खर्च में 12.29 प्रतिशत वृद्धि नहीं समझना चाहिए। लेकिन यह उत्पादन और आपूर्ति शृंखला में बढ़ते लागत दबाव का संकेत जरूर है। इसका असर आगे चलकर खाद्य पदार्थों, निर्माण सामग्री, परिवहन और अन्य वस्तुओं की कीमतों पर पड़ सकता है। इसलिए सबसे अधिक चिंता निम्न और निश्चित आय वाले परिवारों को लेकर है, क्योंकि उनकी आय बढ़ने की गति अक्सर महँगाई की गति से कम रहती है।

3. भारत की आर्थिक वृद्धि : तेज विकास, लेकिन किसके लिए?

रॉयटर्स के 43 अर्थशास्त्रियों के सर्वेक्षण में जुलाई–सितंबर 2026 की तिमाही के लिए भारत की GDP वृद्धि का अनुमान 7.6 प्रतिशत लगाया गया है। यह वास्तविक प्रकाशित परिणाम नहीं, बल्कि अर्थशास्त्रियों का पूर्वानुमान है। 

यह वृद्धि दर अंतरराष्ट्रीय संदर्भ में अच्छी है। लेकिन GDP वृद्धि अपने आप में न तो मानव विकास सूचकांक में सुधार का विश्वासपत्र है और न ही सामाजिक कल्याण का प्रमाण है। राष्ट्रीय आय की वृद्धि का आकलन इस आधार पर होना चाहिए कि उसका वितरण किस तरह हो रहा है। आर्थिक विकास की वास्तविक तस्वीर के लिए हमें पाँच संकेतकों पर साथ-साथ ध्यान देना होगा – नियमित और सम्मानजनक रोजगार में वृद्धि, वास्तविक मजदूरी में बढ़ोतरी, किसानों की शुद्ध आय में सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर सार्वजनिक खर्च और आय और संपत्ति की असमानता में कमी।

4. यमुना प्रदूषण पर सर्वोच्च न्यायालय की चिंता

यमुना की सफाई पर भारी सरकारी खर्च के बावजूद नदी की स्थिति में सुधार न होने पर सर्वोच्च न्यायालय ने चिंता जताई। न्यायालय ने कहा कि केवल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाना पर्याप्त नहीं है; औद्योगिक प्रदूषण और बिना उपचारित गंदे पानी को नदी में जाने से रोकना भी जरूरी है। 

यह देश की पर्यावरण नीति की एक बड़ी समस्या को सामने लाता है। हमारे शहरों में प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर परियोजनाएँ बनती हैं, बजट खर्च होता है, लेकिन नागरिकों को स्वच्छ हवा और पानी नहीं मिल पाता। सवाल है कि प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों, नगर निकायों और प्रशासनिक संस्थाओं की जवाबदेही कब सुनिश्चित होगी?

5. भारत की विदेश नीति : आसियान और पूर्वी एशिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16–17 नवंबर को फिलीपींस में आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में भाग लिया। भारत ने क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। 

इसी दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य के पास पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर पर हमले की भारत ने निंदा की। जहाज पर सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित निकाला गया, दो घायल हुए और एक भारतीय नागरिक लापता बताया गया। 

भारत के लिए यह केवल विदेश नीति का विषय नहीं है। खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता का सीधा असर भारतीय श्रमिकों, ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर पड़ता है।

1. COP31 : जलवायु संकट के सामने वैश्विक राजनीति की विफलता

तुर्किये के अंताल्या में आयोजित COP31 जलवायु सम्मेलन 22 नवंबर को बिना किसी व्यापक राजनीतिक समझौते के समाप्त हो गया। दो सप्ताह से अधिक की बातचीत के बावजूद देश जीवाश्म ईंधन, जलवायु वित्त और उत्सर्जन घटाने के रास्तों पर सहमत नहीं हो सके। इस विवाद के तीन प्रमुख आयाम थे – तेल उत्पादक देश जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को समाप्त करने संबंधी स्पष्ट भाषा के विरोध में थे। यूरोपीय संघ सहित कई देश अंतिम प्रस्ताव को अपर्याप्त मान रहे थे। विकासशील देश जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए विकसित देशों से पर्याप्त वित्तीय सहायता चाहते थे।

जलवायु संकट केवल पर्यावरण का संकट नहीं, बल्कि आर्थिक असमानता और वैश्विक न्याय का संकट भी है। जब तक मुनाफे और जीवाश्म ईंधन पर निर्भर आर्थिक हितों को प्राथमिकता मिलती रहेगी, तब तक जलवायु सम्मेलनों के वादे जमीन पर उतरना कठिन होगा।

यहाँ एक बुनियादी न्याय का सवाल है। औद्योगिक विकास से ऐतिहासिक रूप से सबसे अधिक लाभ उठाने वाले देशों की जिम्मेदारी अधिक होनी चाहिए। लेकिन जलवायु संकट का सबसे गंभीर असर अक्सर उन गरीब देशों और समुदायों पर पड़ता है, जिन्होंने वैश्विक उत्सर्जन में अपेक्षाकृत कम योगदान दिया है।

2. रोहिंग्या नरसंहार पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का ऐतिहासिक फैसला

19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) ने म्यांमार की सुरक्षा सेनाओं द्वारा रोहिंग्या मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ की गई हिंसा को राज्य-प्रायोजित नरसंहार की श्रेणी में माना। यह अंतरराष्ट्रीय न्याय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण फैसला है। इस फैसले के व्यापक निहितार्थ हैं। पहला यह कि अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय कानून का महत्वपूर्ण विषय है। दूसरा यह कि राज्य की संप्रभुता का अर्थ यह नहीं कि वह अपने नागरिकों के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा कर सकता है। तीसरा यह कि नरसंहार जैसे अपराधों के लिए राज्य की जवाबदेही तय की जा सकती है।

इस फैसले का असर गाजा में इजरायल के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका द्वारा दायर मामले पर भी पड़ सकता है। हालांकि दोनों मामलों के तथ्य और कानूनी परीक्षण अलग-अलग हैं। 

मानवाधिकारों की सार्वभौमिकता की असली परीक्षा तब होती है जब पीड़ित समुदाय राजनीतिक और सामरिक दृष्टि से शक्तिशाली देशों का समर्थन नहीं पा पाते।

3. अमेरिका, चीन और रूस की त्रिपक्षीय बैठक

19 नवंबर को चीन के शेनझेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की पहली त्रिपक्षीय बैठक हुई। बैठक के बाद जारी घोषणा में चार प्रमुख बातें सामने आईं – संयुक्त राष्ट्र में सुधार की जरूरत, ऊर्जा आपूर्ति की स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय न्यायिक संस्थाओं के अधिकार क्षेत्र पर चिंता और परमाणु युद्ध रोकने और परमाणु जोखिम घटाने के लिए संवाद। 

तीनों नेताओं ने कहा कि परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता और इसे कभी लड़ा नहीं जाना चाहिए। लेकिन इस बैठक से कोई बाध्यकारी परमाणु निरस्त्रीकरण समझौता नहीं हुआ और न ही रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान का ठोस रास्ता सामने आया। वास्तव में दुनिया की तीन सबसे शक्तिशाली परमाणु-सैन्य शक्तियों का संवाद महत्वपूर्ण है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का भविष्य केवल बड़ी शक्तियों के आपसी समझौतों से निर्धारित नहीं होना चाहिए। छोटे देशों और युद्ध प्रभावित समाजों की संप्रभुता तथा आवाज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

4. रूस-यूक्रेन युद्ध और यूरोपीय देशों की चिंता

शेनझेन बैठक के दौरान यूरोपीय देशों ने बर्लिन में अलग से बैठक कर यूक्रेन के समर्थन और उसकी भागीदारी के बिना शांति की शर्तें तय किए जाने के विरोध को सामने रखा। यह घटना अंतरराष्ट्रीय राजनीति के एक पुराने प्रश्न को फिर सामने लाती है कि क्या शक्तिशाली देश अपने सामरिक हितों के लिए छोटे देशों के भविष्य का फैसला कर सकते हैं? शांति आवश्यक है। लेकिन ऐसी शांति नहीं, जिसमें युद्ध से प्रभावित जनता की इच्छा और संप्रभुता को नजरअंदाज कर दिया जाए।

5. वैश्विक राजनीति में एक नया समीकरण

अमेरिका, चीन और रूस के नेताओं की बैठक के समानांतर कनाडा, जापान और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों ने अपने स्वतंत्र कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के प्रयास किए। यह संकेत है कि अनेक देश अब केवल किसी एक महाशक्ति पर निर्भर रहने के बजाय अपने विकल्प बढ़ाना चाहते हैं। इसका भारत की विदेश नीति और ग्लोबल साउथ के देशों के लिए भी महत्व है।

इस सप्ताह की प्रमुख खबरों को देखते हुए तीन वर्गों के सवाल विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं। ये सवाल हैं –

1. मजदूर वर्ग : निवेश बनाम रोजगार

2. किसान : विकास की बहस में कृषि कहाँ है?

3. शिक्षा और स्वास्थ्य : नागरिक अधिकार या बाजार की वस्तु?

1. बिहार के विकास का लाभ किसे मिलेगा?

2. मतदाता सूची निर्माण में हर नागरिक का अधिकार कैसे सुरक्षित होगा?

3. आर्थिक आय की वृद्धि में मजदूरों की आय क्यों महत्वपूर्ण है?

4. जलवायु संकट की कीमत ग़रीब देश क्यों चुकायें?

5. युद्ध और नरसंहार रोकने में अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ कितनी सक्षम हैं?

इस सप्ताह की घटनाएँ तीन महत्वपूर्ण विरोधाभास सामने लाती हैं।

पहला विरोधाभास : विकास और असमानता।

बिहार में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएँ और लाखों करोड़ रुपये के निवेश के लक्ष्य सामने हैं। लेकिन अभी तक रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा में ठोस सुधार की रूपरेखा नहीं दिखायी देती है। जब तक यह नहीं होता है, तब तक विकास की उपलब्धियों का सामाजिक मूल्यांकन अधूरा रहेगा।

दूसरा विरोधाभास : लोकतंत्र और नागरिक अधिकार।

मतदाता सूची का पुनरीक्षण हो या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकारों का प्रश्न, किसी भी व्यवस्था की लोकतांत्रिक विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि वह कमजोर और वंचित लोगों के अधिकारों की कितनी रक्षा करती है। यह चिंता नहीं दिखती है।

तीसरा विरोधाभास : वैश्विक समृद्धि और मानवता का संकट।

दुनिया के शक्तिशाली देश आर्थिक और सामरिक हितों के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। लेकिन जलवायु संकट, युद्ध और विस्थापन की कीमत आम नागरिकों को चुकानी पड़ रही है।

इसलिए आज सबसे महत्वपूर्ण सवाल है कि राजनीति और अर्थव्यवस्था का केंद्र मुनाफा और सत्ता होगी या मनुष्य और उसकी गरिमा। हमारा निष्कर्ष है कि विकास का अंतिम उद्देश्य मनुष्य का विकास होना चाहिए, न कि मनुष्य को केवल आर्थिक विकास का साधन बना देना।

इस अंक के लिए सरकारी विज्ञप्तियों, प्रधानमंत्री कार्यालय, भारतीय प्रेस सूचना ब्यूरो, इंडियन एक्सप्रेस, प्रभात खबर, मनीकंट्रोल, रॉयटर्स और एसोसिएटेड प्रेस सहित उपलब्ध समाचार स्रोतों और चित्रों का उपयोग किया गया है। हम इन सभी स्रोतों के प्रति आभार प्रकट करते हैं।

lokjivan
lokjivan
Articles: 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *