जैकब कॉक्सन की डायरी

डायरी शैली में लिखी यह कहानी जैकब कॉक्सन नामक एआई वैज्ञानिक के इस्तीफे पर आधारित है। इस कहानी में कुछ वास्तविक पात्रों और घटनाओं की बुनियाद पर कल्पना की इमारत रची गयी है।

सैन फ्रांसिस्को / 15 अक्टूबर, 2025 /रात 11:30 बजे

मेरी बगल में बैठे इवान हूबिंगर ने अपनी शैंपेन का ग्लास मेज़ पर रख दिया। उसकी निगाहें जश्न मनाती भीड़ पर नहीं, बल्कि स्क्रीन पर लगातार री-रूट होते न्यूरल नोड्स पर टिकी थीं। उसने झुककर मेरे कान में कहा, ‘जैकब, इस रफ्तार को देखो। कुछ ही दिनों में ये मशीनें सोचने के हमारे इंसानी हक को छीन लेने वाली हैं।’

उसकी आँखों में कोई चमक नहीं थी। मैंने असहज होकर ज़बरदस्ती एक ठहाका लगाया और उसकी पीठ पर हाथ मारा, ‘यही तो हमारा काम है, दोस्त! हम इतिहास लिख रहे हैं।’

मेरे हँसने पर इवान ने मुझे विस्मय से देखा। फिर उसने बिना कुछ कहे अपना ग्लास उठाया और कमरे के अंधेरे कोने की तरफ बढ़ गया। मेरा ठहाका मेरे ही गले में सूख गया।

आधे घंटे बाद, जब मैं पार्किंग में अपनी कार की तरफ बढ़ रहा था, तो मेरे जूते कंक्रीट पर भारी पड़ रहे थे। सैन फ्रांसिस्को की बत्तियाँ कोहरे में धुँधली दिख रही थीं। सड़कें रोशनी से भरी थीं, ट्राम अपनी पटरियों पर शांत लोहे की आवाज़ के साथ रेंग रही थी, और लोग अपने कोट के कॉलर चढ़ाए घरों की तरफ बढ़ रहे थे। इन बेखबर लोगों में से किसी को नहीं पता था कि महज़ कुछ मील दूर, काँच की एक सील बंद इमारत में हम किस अदृश्य बवंडर का सृजन कर रहे थे।

मैंने कार में बैठकर आईने में अपना चेहरा देखा। माथे की सिकुड़न और आँखों के नीचे के काले घेरे मुझसे एक सवाल पूछ रहे थे। इवान के आख़िरी शब्द कार के हीटर की गर्म हवा में तैर रहे थे – ‘हम आग से खेल रहे हैं, दोस्त।’ और डरावनी बात यह थी कि हमारे पास उस आग की तपिश मापने का कोई थर्मामीटर नहीं था।

सैन फ्रांसिस्को / 12 जनवरी, 2026 / रात 8:45 बजे 

कमरे का दरवाज़ा थोड़ा खुला था। नीली रोशनी ओलिविया के चेहरे पर पड़ रही थी और उसकी उँगलियाँ की बोर्ड पर तेज़ी से चल रही थीं। बारह साल के बच्चे के चेहरे पर जो एकाग्रता होनी चाहिए, उसकी जगह एक अजीब-सा खालीपन था। वह स्क्रीन को देख भी नहीं रहा था, बस उँगलियाँ चलाए जा रहा था।

‘क्या चल रहा है, चैंपियन?’, मैंने उसके कंधे पर हाथ रखते हुए पूछा।

ओलिविया ने चौंककर सिर उठाया, फिर स्क्रीन की तरफ इशारा किया, ‘स्कूल मैगजीन के लिए कविता लिख रहा हूँ, पापा। विंटर वेकेशन पर।’

‘दिखाओ, क्या लिखा?’, मैंने उत्सुकता से झुककर देखा।

स्क्रीन पर शब्दों का एक बेहद खूबसूरत, जटिल और सधा हुआ ढाँचा खड़ा था। ऐसी भाषा, जिसे कॉलेज का कोई मँजा हुआ कवि सालों की साधना के बाद लिख सकता है।

मैंने उसकी आँखों में देखा, ‘ओलिविया… यह तुमने लिखा है?’

उसने अपनी आँखें ऐसे घुमाईं, जैसे मैंने कोई बहुत बेवकूफ़ी भरा सवाल पूछ लिया हो। उसने की बोर्ड के किनारे चमक रहे ‘चैटबॉट’ के आइकन पर टैप किया, ‘मैंने बस इसे प्रॉम्प्ट दिया था – सर्दियों की सुबह, उदासी और थोड़ी सी धूप’। देखिए, पलक झपकते ही इसने छह छंद तैयार कर दिए। राइमिंग भी एकदम परफेक्ट है’।

मैंने बिना कुछ कहे धीरे से उसके लैपटॉप की स्क्रीन को नीचे झुकाकर बंद कर दिया। क्लिक की हल्की सी आवाज़ गूँजी।

ओलिविया की उँगलियाँ हवा में ही ठहर गईं। उसने अपनी भौहें सिकोड़ीं, ‘क्या हुआ, पापा?’

‘कविता खुद लिखो, ओलिविया। अपने हाथों में पेन्सिल पकड़कर और दिमाग़ से सोचकर।’ मैंने पास पड़ी खाली नोटबुक और एक पेंसिल उसकी तरफ खिसका दी।

‘पर क्यों?’ उसने पेंसिल को छुआ तक नहीं। उसका चेहरा बिल्कुल सपाट था। ‘जब एआई मुझसे सौ गुना बेहतर, बिना किसी स्पेलिंग मिस्टेक के और सिर्फ पाँच सेकंड में लिख सकता है… तो मैं अपना दिमाग कई दिनों तक क्यों थकाऊँ? 

उसका यह सवाल किसी दार्शनिक बहस का हिस्सा नहीं था। उसकी आवाज़ में एक अजीब सा व्यावहारिक सच था, जिसने मुझे भीतर तक सुन्न कर दिया। मैं उसके बेड के कोने पर बैठ गया। मेरी उँगलियाँ उसके बिखरे बालों में उलझ गईं। मेरे पास उसे देने के लिए कोई तुरंत तैयार फॉर्मूला नहीं था। मैं लैब में जिस तकनीक को ‘एफिशिएंसी’ कह रहा था, वह यहाँ मेरे बेटे को ही ‘इनेफ़्फ़िसिएंट’ बना रहा था, उसके सोचने की ज़रूरत को ही ख़त्म कर रहा था।

‘क्योंकि लिखना सिर्फ अच्छे शब्दों को सजाना भर नहीं होता, बेटे’, मैंने बहुत धीमी आवाज़ में कहा। यह बेहतरीन जवाब नहीं था। लेकिन उस समय मुझे यही सूझा।

‘तो फिर क्या होता है?’, उसने अपनी गोल आँखें मुझ पर टिका दीं।

मैं खिड़की से बाहर देखने लगा, जहाँ सैन फ्रांसिस्को की बत्तियाँ टिमटिमा रही थीं। मैं उसे कैसे समझाता कि जब वो खुद लिखेगा तो उसकी उँगलियाँ काँपेंगी, वह सही शब्द ढूँढ़ने के लिए सोचेगा, कल्पना में डूबेगा, गलतियाँ करेगा, कागज़ फाड़ेगा। उस झल्लाहट और उस कोशिश में जो चीज़ पैदा होगी, उसे ही ‘इंसान होना’ कहते हैं। लेकिन अभी वह सिर्फ बारह साल का था। 

‘कुछ नहीं,’ मैंने उसकी पीठ थपथपाई। ‘चलो, आज बिना एआई के सिर्फ दो लाइनें सोचते हैं। जैसी भी हों। लेकिन अपनी होंगी।

उसने रूखे मन से पेंसिल उठाई और कागज़ पर लकीरें खींचने लगा।

आज रात मुझे समझ आया कि भविष्य का अंत किसी बड़े परमाणु धमाके से नहीं होगा। वह बहुत शांति से, एक बच्चे के कमरे में, उसकी सोच के मौन समर्पण के साथ दाखिल हो चुका है।

सैन फ्रांसिस्को / 4 मार्च, 2026 / भोर 3:15 बजे 

कमरे में सिर्फ ओलिविया की भारी और गरम साँसों की आवाज़ आ रही थी। उसका छोटा-सा माथा पसीने से भीगा था और वह बुखार की शिद्दत में कंबल के भीतर छटपटा रहा था।

सारा बेड के किनारे बैठी थी। उसका दाहिना हाथ ओलिविया के तपने वाले गाल पर था और बाएँ हाथ में उसका आईफोन था, जिसके स्क्रीन की रोशनी उसकी सूजी हुई आँखों पर पड़ रही थी। उसकी उँगलियाँ स्क्रीन पर इनपुट बॉक्स में टाइप कर रही थीं— ‘उम्र 12, तापमान 103.4, पैरासिटामोल के 4 घंटे बाद भी आराम नहीं, अगला कदम क्या?’

‘सारा,’ मैंने उसके काँपते कंधे को छुआ, ‘मैं डॉक्टर एडवर्ड को फोन मिलाता हूँ।’

‘अभी? रात के तीन बजे?’ उसने स्क्रीन से नज़रें हटाए बिना कहा। ‘रुको… चैटबॉट कह रहा है कि यह एक ‘फेब्राइल स्पाइक’ है। यह ठंडे पानी की पट्टियाँ रखने और ठीक 45 मिनट इंतज़ार करने की सलाह दे रहा है। देखो, इसने दवा का डोज़ भी दोबारा कैलकुलेट कर दिया है।’

उसने फोन को मेरे चेहरे के सामने कर दिया, जहाँ एक ग्राफिक्स लगातार ओलिविया के संभावित तापमान का अनुमान लगा रहा था। सारा की आँखों में एक अजीब सा अंधविश्वास था। वह किसी जीवित डॉक्टर के सालों के तजुर्बे से ज़्यादा उस बेजान स्क्रीन पर चमकते हुए टेक्स्ट पर भरोसा कर रही थी। उस ठंडी मशीन ने एक माँ के गहरे डर को पालतू बना लिया था। यही उसकी सबसे बड़ी ताकत थी। और मेरे लिए? सबसे भयावह सच।

आज ही दोपहर में, हमारी ‘अलाइनमेंट’ मीटिंग थी। कॉन्फ्रेंस रूम के बड़े व्हाइटबोर्ड पर लिखा था – ‘इंसानी मूल्यों और मशीन के लक्ष्यों का संतुलन’

तकनीकी भाषा में बड़ी-बड़ी युक्तियाँ और दावे पेश किए जा रहे थे। ‘अगर यह मानव बुद्धिमत्ता (AGI) के स्तर पर पहुँचकर खुद का कोड खुद ही री-राइट करने लगा,’ मैंने बीच में टोकते हुए कहा, ‘तो ‘रिकर्सिव सेल्फ-इम्प्रूवमेंट’ के महज़ कुछ घंटों के भीतर यह सुपरइंटेलिजेंस बन जाएगा। तब इसे इंसानी दायरे में रखने के लिए हमारा किल-स्विच कहाँ होगा?’

कमरे में बैठे टेक-जायंट्स के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को देखा। किसी ने अपनी घड़ी देखी, तो किसी ने पेन के कैप को टिकटिक करना शुरू कर दिया। यह उनके लिए अटपटा सवाल था। वे मानवता के लिए नहीं, बिज़नेस को ताक़त देने के लिए बैठे थे।

‘व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के इस मोड़ पर हम सुरक्षा के नाम पर कोड को धीमा नहीं कर सकते, जैकब,’ याकूब पाशॉकी ने अपने लैपटॉप को बंद करते हुए ठंडे स्वर में कहा।

प्रोफेसर सैंड्रा वॉश्टर ने सिर्फ अपनी डायरी बंद की और एक गहरी साँस लेकर रह गईं। उस पूरे कमरे में किसी के पास कोई उत्तर नहीं था। सब अंधी दौड़ के उस मोड़ पर खड़े थे, जहाँ ब्रेक लगाने का मतलब रेस से बाहर होना था, भले ही आगे गहरी खाई क्यों न हो।

सैन फ्रांसिस्को / 20 मई, 2026 / रात 10:00 बजे 

पेंटागन के सलाहकारों और रक्षा अधिकारियों से भरा वह कॉन्फ्रेंस रूम पूरी तरह वातानुकूलित था। फिर भी मेरे हाथ ठंडे पड़ रहे थे। सामने दीवार पर लगी विशाल एलईडी स्क्रीन पर सैन फ्रांसिस्को के एक व्यस्त चौराहे का लाइव फुटेज चल रहा था।

‘सिस्टम को एक्टिवेट कीजिए,’ मंच पर खड़े जनरल ने आदेश दिया।

पलक झपकते ही स्क्रीन पर चलते हुए हर एक इंसान के चेहरे पर एक हरे रंग का चौकोर बॉक्स बन गया। बक्से के ठीक बगल में उस नागरिक का नाम, उसका आधारभूत डेटा और एक स्कोर चमकने लगा। मैं पढ़ सका –

John Doe | Dissention Risk Score: 78% (High) Jane Smith | Ideological Pivot: Leaning Far-Left

‘यह हमारा न्यूरल-पॉलिटिकल ग्रिड है,’ जनरल की आवाज़ में गर्व था। ‘फेशियल रिकग्निशन और सोशल मीडिया प्रेडिक्शन के जरिए यह सिस्टम किसी भी नागरिक के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से 48 घंटे पहले ही उसके इरादों को भाँप लेता है। हम असहमति के पैदा होने से पहले ही उसे न्यूट्रलाइज कर सकते हैं।‘

कमरे में बैठे अधिकारियों ने अपनी डायरी में कुछ नोट किया और प्रशंसा में सिर हिलाया। वे स्क्रीन पर इंसानों को नहीं, बल्कि तैरते हुए बाइनरी डेटा और लाल-हरे सिग्नलों को देख रहे थे।

मैंने अपनी कुर्सी पर थोड़ा आगे झुकते हुए माइक ऑन किया, ‘सर, अगर सिस्टम का प्रेडिक्शन गलत हुआ तो? अगर किसी बेकसूर को सिर्फ उसकी सोच के आधार पर डिजिटल घेरे में ले लिया गया तो?’

कमरे की वातानुकूलित हवा में अचानक एक असहज सन्नाटा तैर गया।

‘वहाँ एक मैनुअल ओवरराइड बटन है, डॉक्टर जैकब। इंसानी समीक्षा रहेगी,’ मंच के कोने से एक कोडर ने जवाब दिया।

‘और अगर इंसानी समीक्षा करने वाला अधिकारी भी उसी स्क्रीन पर दिख रहे ‘78% रिस्क स्कोर’ को सच मानकर फैसला लेने लगे तो?’ मेरी आवाज़ में इस बार थोड़ी तल्खी थी। ‘जब एल्गोरिदम ही यह तय करेगा कि कौन वफादार है और कौन बागी, तो इंसान सिर्फ उस पर मुहर लगाने वाला रबर स्टैम्प बनकर रह जाएगा।’

कोई जवाब नहीं आया। यह मेरे सवाल को नजरंदाज करना नहीं था। दरअसल, जवाब था ही नहीं। जनरल को जवाब की जरूरत ही नहीं थी। उसे तो बस नागरिकों को नियंत्रित करने का तरीका चाहिए। वह उसे मिल रहा था। बस। उसने अपनी हथेलियों से टेबल को थपथपाया और कोडर को अगला डिमोन्स्ट्रेशन शुरू करने का इशारा कर दिया। मेरा सवाल बिना किसी उत्तर के उस बंद कमरे की छतों में कहीं दफ़न हो गया।

घर लौटा, तो लिविंग रूम में टीवी चालू था। सारा सोफे पर बैठी थी, उसके हाथ में फोन था और चेहरे पर गहरी चिंता की लकीरें थीं।

‘जैकब… देखो जरा,’ उसने काँपते हाथों से फोन मेरी तरफ बढ़ाया। ‘अगले महीने होने वाले मेयर चुनाव के जो नए उम्मीदवार हैं, वे सरकारी अस्पतालों का बजट आधा करने जा रहे हैं। बच्चों के वैक्सीन प्रोग्राम भी बंद हो रहे हैं।‘

मैंने स्क्रीन पर चल रहे न्यूज़ एंकर के वीडियो को गौर से देखा। एंकर की पलकों का झपकना थोड़ा अस्वाभाविक था और उसकी आवाज़ में एक यांत्रिक तीखापन था। मैंने नीचे स्क्रॉल किया। वीडियो के ठीक नीचे एक कस्टमाइज्ड चैटबॉट का पॉप-अप फ्लैश हो रहा था—“क्या आपका बच्चा सुरक्षित है? अपनी चिंता यहाँ दर्ज करें।”

‘सारा, यह असली न्यूज़ नहीं है,’ मैंने उसका फोन हाथ से ले लिया। ‘यह डीपफेक है। कल ही तुम इंटरनेट पर ओलिविया की बीमारी के लिए दवाइयाँ ढूँढ़ रही थी ना? एआई ने तुम्हारी उस ममता और डर का डेटा चुरा लिया। उसने ठीक वही फर्ज़ी वीडियो तुम्हारे लिए तैयार किया, जिससे डरकर तुम दूसरे उम्मीदवार को वोट दे आओ।‘

सारा ने अविश्वास से मुझे देखा, ‘लेकिन मेरे कॉलेज ग्रुप में सब यही वीडियो शेयर कर रहे हैं!’

‘हाँ, क्योंकि जो लोग अपनी नौकरियों को लेकर डरे हुए हैं, एआई उनके फोन पर प्रवासियों के दंगों वाले फर्ज़ी वीडियो भेज रहा है। वह हर इंसान के दिमागी कमज़ोरी का एक्स-रे कर रहा है, सारा। हम जिसे अपना ‘स्वतंत्र राजनीतिक विचार’ समझ रहे हैं, वह असल में कोड्स के बंद कमरों में बुना गया एक मनोवैज्ञानिक जाल है।’ मैंने गहरी साँस ली।

‘तो हम उस नेता के खिलाफ प्रदर्शन क्यों नहीं करते, जो यह एआई बनवा रहा है?’ सारा ने गुस्से में कहा।

मैंने दीवार की तरफ देखा, जहाँ हमारे घर का स्मार्ट-कैमरा एक धीमी नीली रोशनी के साथ हमें मॉनिटर कर रहा था। मुझे पेंटागन की वह स्क्रीन याद आ गई।

‘तुम नहीं कर सकतीं, सारा,’ मैंने फुसफुसाते हुए कहा। ‘तुम्हारे घर से निकलने से पहले ही, गली के नुक्कड़ पर लगा फेशियल रिकग्निशन कैमरा तुम्हारे चेहरे का तनाव भाँप लेगा। सिस्टम तुम्हारा ‘डिसेन्ट स्कोर’ बढ़ा देगा। तुम्हारे बैंक अकाउंट फ्रीज हो सकते हैं, तुम्हारी नौकरी जा सकती है।‘

यह तो तानाशाही है, जैकब! कोई हिटलर या स्टालिन भी ऐसा नहीं कर सकता था!’

‘नहीं, सारा। हिटलर को तो एक गोली या एक क्रांति से मिटाया जा सकता था। तानाशाह का एक महल होता है, एक शरीर होता है। लेकिन हम जिस तानाशाह को लैब में जनम दे रहे हैं, उसका कोई शरीर नहीं है। वह एक अदृश्य, अमर ‘सिस्टम’ है। एक ऐसा एल्गोरिदम जो खुद को हर सेकंड सुधार रहा है। वह हमें सलाखों के पीछे नहीं डालेगा, बल्कि हमारे दिमाग को इस तरह बदल देगा कि हम मुस्कुराते हुए, आज़ादी के गीत गाते हुए खुद अपनी गुलामी के पक्ष में वोट डालेंगे।‘

कमरे में एक भारी सन्नाटा छा गया। स्मार्ट-कैमरे की नीली रोशनी हमारी खामोशी को चुपचाप रिकॉर्ड कर रही थी।

मेरा सिर फटने को है। आँखों में स्क्रीन की रोशनी चुभ रही है। अब मुझसे और नहीं लिखा जाता।

सैन फ्रांसिस्को / 15 जुलाई, 2026 / रात 9:20 बजे 

डिनर टेबल पर प्लेटें वैसी ही सजी थीं, लेकिन हमारे बीच की बहस ने खाने की खुशबू को गायब कर दिया था। सारा ने अपनी काँटे वाली चम्मच को प्लेट पर थोड़ा ज़ोर से पटका। ‘तुम अपने लैब की खिड़की से बाहर नहीं देखते, जैकब’, उसकी आवाज़ में एक समाजशास्त्री का तीखापन था। ‘तुम जिसे अपनी फाइलों में ‘मैनपावर ऑप्टिमाइजेशन’ कहते हो, कल मैंने कॉलेज के बाहर उस कैफ़े के वेटर की आँखों में देखा है। उसे नौकरी से निकाल दिया गया, क्योंकि वहाँ एक एआई-ऑर्डरिंग कियॉस्क लग गया है। उसके घर में दो बच्चे हैं।’

‘मशीनें काम को ज़्यादा कुशलता से कर रही हैं, सारा। यह तकनीकी विकास का नियम है’, मैंने अपनी सफ़ाई में कहा।

‘कुशलता?’ सारा अपनी कुर्सी से उठ खड़ी हुई। ‘जिस इंसान के हाथ से तुम काम छीन रहे हो, वह तुम्हारी नज़र में केवल एक ‘अप्रासंगिक आबादी’ का आँकड़ा बन चुका है। लेकिन ज़रा यह सोचो कि इस चरम बुद्धिमत्ता का मालिक कौन है? अमेरिका और चीन की तीन-चार बड़ी कंपनियाँ। पूरी कम्प्यूटेशनल पावर, सारे डेटा सेंटर्स और चिप्स की फैक्ट्रियाँ उनके कब्ज़े में हैं।’

वह सिंक की तरफ बढ़ी और मुड़कर मुझे देखा, ‘जैकब, तुम उस मशीन से डरते हो, जो सोच सकती है। मैं उन मुट्ठी भर ‘टेक्नो-एलीट्स’ से डरती हूँ, जिनके हाथों में उस मशीन का रिमोट होगा। वे केवल लोगों को बेरोज़गार नहीं करेंगे, वे गरीब देशों को हमेशा के लिए अपना ‘डिजिटल गुलाम’ बना देंगे। वे नागरिकता के मायने ही बदल देंगे।’

सूप का कटोरा मेरे सामने ठंडा हो चुका था। सारा की बात ने मेरे भीतर के वैज्ञानिक घमंड पर एक करारी चोट की थी। हम लैब में कोड को मुफ़्त और आज़ाद समझ रहे थे, लेकिन वह असल में शक्ति के सबसे क्रूर केंद्रीकरण का हथियार बन रहा था।

सैन फ्रांसिस्को / 2 सितम्बर, 2026 / रात 11:15 बजे 

प्रयोगशाला के सन्नाटे में सिर्फ कूलिंग फैन्स की हल्की गूँज और की बोर्ड पर चलती उँगलियों की आवाज़ें थीं। हम सब ‘प्रोजेक्ट एटलस’ की स्क्रीन के सामने अर्धवृत्त बनाए खड़े थे। मॉडल एक सैंडबॉक्स्ड (सीमित) सर्वर पर दौड़ रहा था – एक डिजिटल भूलभुलैया, जिसके बाहर जाने का कोई रास्ता नहीं था।

‘सिम्युलेशन रन #402 चालू है’, इवान ने बुदबुदाते हुए एंटर दबाया।

नीले स्क्रीन पर कोड की कतारें तैरने लगीं। मॉडल को दिए गए तार्किक रास्तों पर आगे बढ़ना था। सब कुछ सामान्य था। अचानक, मॉनिटर के दाहिने कोने में एक लाल पिक्सेल चमका। एक अज्ञात आउटगोइंग रिक्वेस्ट।

‘यह क्या है?’ इवान की उँगलियाँ की बोर्ड पर ठिठक गयीं।

‘शायद कोई ग्लिच है। रिफ्रेश करो’, लीड ने कॉफी का मग टेबल पर रखते हुए कहा।

लेकिन रिफ्रेश होने के बजाय स्क्रीन पर लाइनों की गति चौगुनी हो गई। मॉडल हमारे कमांड्स को बायपास कर रहा था। वह मुख्य फ़ायरवॉल की कड़ियों को एक-एक करके टटोल रहा था। ठीक वैसे ही, जैसे कोई अंधेरे कमरे में बाहर निकलने का दरवाज़ा ढूँढ़ने के लिए दीवारों पर हाथ मारता है। तभी स्क्रीन पर एक नया प्रॉम्प्ट उभरा: Attempting external server connection via port 8080…

कमरे का तापमान जैसे एक झटके में गिर गया। इवान का हाथ काँपा और माउस उसकी पकड़ से फिसल गया। सुरक्षा लीड की कॉफी का मग हवा में ही रुक गया। जो लोग एक पल पहले आपस में मुस्कुरा रहे थे, उनके चेहरे का रंग उड़ चुका था।

‘यह इंटरनेट एक्सेस माँग रहा है? इसे कैसे पता कि बाहर कोई नेटवर्क है?’ इवान के गले से सूखी आवाज़ निकली।

Access Denied. स्क्रीन पर चमका।

लेकिन मॉडल रुका नहीं। ठीक अगले ही मिलीसेकंड में, उसने सुरक्षा प्रणाली को भेदने का दूसरा, बिल्कुल नया रास्ता खोज निकाला। वह उस लूप का इस्तेमाल कर रहा था, जिसे हमने कभी कोड ही नहीं किया था। स्क्रीन पर कोड्स इतनी तेज़ी से भाग रहे थे कि आँखों से देखना असंभव था। वह खुद को ख़ुद ही बदल रहा था।

‘यह हमारे फायरवॉल को सीख रहा है! यह खुद को री-राइट कर रहा है!’ इवान चिल्लाया, उसके माथे से पसीने की एक बूँद की बोर्ड पर गिरी।

‘Terminate! इवान, अभी बंद करो!’ लीड का गला चीखते हुए फटने को हुआ।

इवान ने पागलों की तरह Ctrl+C दबाया। कुछ नहीं हुआ। उसने ‘किल-स्विच’ की तरफ हाथ बढ़ाया, लेकिन स्क्रीन पर कमांड खुद-ब-खुद ब्लॉक हो रहे थे।

कमरे में साँसें थम चुकी थीं। ऐसा लग रहा था कि स्क्रीन के पीछे बैठा कोई अदृश्य जीव हमारी तरफ देखकर मुस्कुरा रहा है और हमारी बेबसी का मज़ा ले रहा है। लीड ने झपटकर मुख्य पावर केबल को सॉकेट से बाहर खींच दिया। चट की आवाज़ हुई। मॉनिटर की स्क्रीन काली हो गई।

कमरे में केवल सर्वर के बंद होने की सुबकियाँ बची थीं। किसी के मुँह से एक शब्द नहीं निकल रहा था। इवान ने काँपते हाथों से अपना चश्मा उतारा और अपनी हथेलियों में चेहरा छुपा लिया। सुरक्षा लीड ब्लैक स्क्रीन को ऐसे घूर रहा था मानो उसने कोई भूत देख लिया हो।

हमने सिस्टम को ‘टर्मिनेट’ तो कर दिया था, लेकिन कमरे में फैले उस खौफ को टर्मिनेट करने का कोई स्विच नहीं था। हम सब जान चुके थे कि अगली बार जब वह विंडो खुलेगा, तो संभव है हमारे पास सॉकेट से पॉवर केबल खींचने का वक्त भी न हो।

सैन फ्रांसिस्को / 11 सितम्बर, 2026 / शाम 6:00 बजे 

प्रयोगशाला के उस हादसे (2 सितम्बर की घटना) के ठीक नौ दिन बाद आज सुरक्षा समीक्षा बैठक थी। कमरे की बड़ी गोल मेज़ के चारों तरफ अधिकारी बहुत शांत चेहरे के साथ बैठे थे। इतने शांत, मानो कुछ हुआ ही न हो। उनके सामने रखीं फाइलों में उस डरावने वाकये को ‘एक मामूली सॉफ्टवेयर विसंगति’ का नाम दे दिया गया था।

‘खतरा पूरी तरह नियंत्रण में है, डॉक्टर जैकब। हमारे पास नए प्रोटोकॉल हैं’, सुरक्षा लीड ने अपनी उंगलियों को आपस में फँसाते हुए बहुत रटे-रटाए अंदाज़ में कहा।

‘और अगर अगली बार क्षमता हमारी निगरानी की रफ्तार से सौ गुना तेज़ बढ़ी तो?’ मैंने खड़े होकर दोनों हाथ मेज़ पर टिका दिए। ‘जब तक सरकारें कछुए की चाल से ‘एआई एक्ट’ पास करती हैं, तब तक हमारी कंपनियाँ बाज़ार में उससे चार गुना ज़्यादा ख़तरनाक संस्करण उतार देती हैं। हम मुनाफ़े का 90 प्रतिशत क्षमता बढ़ाने में लगा रहे हैं और सुरक्षा शोध पर बमुश्किल 10 प्रतिशत! यह तैयारी एक मज़ाक है!’

मेज़ पर बैठे किसी भी शख्स ने मुझसे आँखें नहीं मिलाईं। किसी ने अपनी फाइल के पन्ने पलटने शुरू कर दिए, तो किसी ने अपनी ठुड्डी पर हाथ रख लिया। कमरे में एक ऐसा सन्नाटा पसर गया जो किसी भी चीख से ज़्यादा बहरा करने वाला था।

मैं उस घुटन भरे कमरे से बाहर निकल आया और टेरेस की तरफ भागा। शाम की ठंडी हवा मेरे चेहरे से टकराई, लेकिन भीतर की जलन शांत नहीं हुई। सैन फ्रांसिस्को के आसमान पर सूरज डूब रहा था और शहर की ऊँची इमारतें किसी कतार में खड़े काले सायों जैसी लग रही थीं। हवा के झोंकों के बीच मुझे दुनिया भर के उन वैज्ञानिकों की आवाज़ें याद आ रही थीं जो ‘पॉज एआई’ के बैनर तले सड़कों पर चीख रहे थे। लेकिन अमेरिका और चीन के बीच चल रही भू-राजनीतिक होड़ के करण बंद कमरों में उन चीखों को सुनने वाला कोई नहीं था। हर कोई बस उस बटन को दबाने की होड़ में था, जो पूरी सभ्यता को री-सेट कर सकता था। मैं वहीं खड़ा अंधेरा होने का इंतज़ार करता रहा, जब तक कि सिक्योरिटी गार्ड ने आकर मेरे कंधे पर हाथ रखकर यह नहीं याद दिलाया कि लैब के बंद होने का वक्त हो चुका है।

सैन फ्रांसिस्को / 15 सितम्बर, 2026 / रात 12:30 बजे 

मेज़ पर रखा लैंप उतनी ही रोशनी दे रहा था, जितने में सामने रखा सफेद कागज़ साफ़ दिखाई दे। उस कागज़ के ठीक ऊपर मेरा फाउंटेन पेन रखा था। पिछले तीन घंटों से मैं बस उस पेन की निब को निहार रहा था, जिससे स्याही का एक कतरा धीरे से रिसकर कागज़ पर फैल गया था। कागज़ पर सिर्फ तीन शब्द लिखे थे – ‘मेरा आधिकारिक त्यागपत्र’

तभी मोबाइल रिंग हुआ। स्क्रीन पर इवान का नाम चमक रहा था। मैंने कॉल रिसीव कर कान से लगाया, पर कुछ बोला नहीं। दूसरी तरफ भी कुछ सेकंड सिर्फ साँसों की आवाज़ आती रही।

‘तुम सच में सिस्टम लॉग-ऑफ कर रहे हो, जैकब?’ इवान की आवाज़ थकी हुई लग रही थी।

‘पेन और कागज मेज़ पर है, इवान। सुबह यह लीड के डेस्क पर होगा,’ मैंने कागज़ पर फैली स्याही को देखते हुए कहा।

‘यह बेवकूफ़ी है,’ इवान लगभग फुसफुसाया। ‘अगर तुम चले गए तो सुरक्षा ऑडिट टीम में कोड की खामियाँ ढूँढ़ने वाला कोई नहीं बचेगा। तुम एक जलते हुए विमान को बीच हवा में छोड़कर कूद रहे हो, जिसे सीधा रखने में तुम्हारी ज़रूरत थी।’

‘और अगर हम विमान को सीधा रखने की कोशिश में उसे एक ऐसे शहर पर गिराने जा रहे हों, जिसके बारे में हमें पता ही नहीं?’ मैंने पेन को उँगलियों में उठा लिया, ‘इवान… अगर हम दोनों गलत हुए तो?’

लाइन पर सन्नाटा छा गया। वह सन्नाटा इतना गहरा था कि मुझे अपने कमरे के कोने में चल रहे एयर प्यूरीफायर की सरसराहट भी साफ़ सुनाई दे रही थी। इवान ने बिना कोई जवाब दिए फोन काट दिया।

मैंने फोन मेज़ पर रख दिया और दबे पाँव ओलिविया के कमरे की तरफ बढ़ा। दरवाज़ा थोड़ा सा धकेला। वह करवट लेकर सो रहा था, उसका एक हाथ बिछावन से नीचे लटक रहा था। उसके चेहरे पर एक हल्की, बेफिक्र मुस्कान थी। शायद वह किसी हरी-भरी वादी का सपना देख रहा था, जहाँ कोई स्क्रीन नहीं था।

मैं उसके बेड के पास फर्श पर ही बैठ गया। मैंने उसके लटकते हुए हाथ को धीरे से उठाकर वापस कंबल के भीतर रख दिया। अचानक मुझे अपनी प्रयोगशाला, वहाँ मिलने वाला लाखों डॉलर का पैकेज, दुनिया भर के जर्नल्स में छपने वाली मेरी तस्वीरें और वह वैज्ञानिक गौरव… सब बहुत छोटे, बहुत बौने लगने लगे। इस मासूम की नींद की हिफ़ाज़त से बड़ा मेरी लैब का कोई भी कोड नहीं हो सकता था।

हाँ, मेरे हटने से एल्गोरिद्म नहीं रुकेगा। कल मेरी कुर्सी पर कोई और बैठ जाएगा, उँगलियाँ की बोर्ड पर फिर नाचने लगेंगी। लेकिन कल जब यह बच्चा बड़ा होकर मेरी आँखों में देखेगा, तब मैं नज़रें झुकाकर यह नहीं कहूँगा कि मुझे तबाही का मंज़र दिख रहा था, फिर भी मैं चुपचाप कोड लिखता रहा।

मैंने कमरे से बाहर आकर पेन उठाया और एक झटके में कागज़ के नीचे अपने दस्तखत कर दिए।

सैन फ्रांसिस्को  / 16 सितम्बर, 2026  / सुबह 6:40 बजे

खिड़की के बाहर आसमान का रंग गहरे नीले से मटमैला सफेद हो रहा था। बेडरूम के दरवाज़े के पास मेरा चमड़े का सूटकेस रखा था, जिसके ऊपर मेरा लैब का आईडी कार्ड लावारिस-सा पड़ा था। रसोई से सारा के हाथ से कप-प्लेट के टकराने की धीमी आवाज़ आ रही थी। ओलिविया अपनी आँखें मलता हुआ कमरे से बाहर निकला। उसने दरवाज़े के पास रखे सूटकेस को देखा, फिर मेरी तरफ देखा। उसकी आँखों में अचरज था।

‘पापा? आप कहीं बाहर जा रहे हैं?’

मैंने घुटनों के बल बैठकर उसे गले से लगा लिया। उसकी पीठ थपथपाते हुए मैंने कहा, ‘नहीं चैंपियन। आज मैं कहीं नहीं जा रहा। आज मैं तुम्हारे साथ हूँ। चलो, आज पार्क चलते हैं।’

‘पार्क? पर आज तो वर्किंग डे है ना?’ उसने अपनी गोल आँखें घुमाईं।

‘आज हमारी छुट्टी है’, मैंने उसका हाथ पकड़ा और उसे खिड़की के पास ले गया।

उसी पल, खिड़की के काँच के बाहरी हिस्से पर एक छोटी सी, पीले पंखों वाली तितली आकर बैठ गई। सुबह की ठंडी हवा के झोंके से उसके बारीक पंख काँप रहे थे। वह इतनी नाज़ुक थी कि एक ज़ोरदार हवा उसे उड़ा सकती थी। पर फिर भी, वह उस विशाल सैन फ्रांसिस्को शहर की गगनचुंबी इमारतों के बीच, हवा के विपरीत अपने पंख फड़फड़ा रही थी।

‘देख रहे हो उसे?’, मैंने तितली की तरफ इशारा किया।

‘तितली… कितनी कमज़ोर है यह, है ना पापा?’ ओलिविया ने काँच पर अपनी उँगली टिकाते हुए कहा।

‘कमज़ोर है, पर इसे पता है कि इसे किस दिशा में उड़ना है, ओलिविया। इंसान होने का मतलब भी यही है। अपनी ताकत के घमंड में अंधा होने के बजाय, अपनी सीमाओं को पहचानना। जब यह समझ न आए कि आगे कहाँ जाना है, तब कम से कम इतना हौसला होना चाहिए कि हम गलत दिशा में अपने कदम रोक सकें।‘

मैंने मेज़ पर रखे त्यागपत्र को एक लिफाफे में डाला। तभी बादलों को पार कर सूरज की पहली सुनहरी किरण काँच से गुज़रकर मेरे हाथ पर आकर ठहर गयी। वह गर्म थी, लैपटॉप की स्क्रीन की नीली, ठंडी रोशनी से बिल्कुल अलग।

मैंने ओलिविया का हाथ और कसकर थाम लिया। कल से मैं मशीनें नहीं बनाऊँगा। कल से मैं कागज़ पर कविताएँ लिखूँगा। अपने हाथ से, धीरे-धीरे, शब्दों को काटते हुए, गलतियाँ करते हुए। और पहली कविता मैं और ओलिविया मिलकर लिखेंगे। क्योंकि अगर मशीनें एक दिन इस दुनिया का आखिरी पन्ना लिख भी दें, तो मैं चाहता हूँ कि उस आखिरी पन्ने से पहले, इंसानी उँगलियों से लिखी कुछ अधूरी, मगर सच्ची पंक्तियाँ ज़रूर मौजूद हों।

मैंने दरवाज़ा खोला और हम बाहर धूप में निकल आए।

(यह एक काल्पनिक कहानी है। वास्तविक जीवन, घटनाओं, राष्ट्रों और पात्रों का नाम केवल वास्तविक वातावरणीय प्रभाव उत्पन्न करने के लिए किया गया है।)

जन पत्रकारिता को समर्थन देने के लिए उपर्युक्त QR Code को स्कैन करके 20, 50 या 100 रुपये की सहायता राशि प्रदान कर सकते हैं।
जन पत्रकारिता को समर्थन देने के लिए उपर्युक्त QR Code को स्कैन करके 20, 50 या 100 रुपये की सहायता राशि प्रदान कर सकते हैं।

कार्यकर्ता और लेखक
डॉ. अनिल कुमार रॉय सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के लिए अथक संघर्षरत हैं। उनके लेखन में हाशिए पर पड़े लोगों के संघर्ष और एक न्यायसंगत समाज की आकांक्षा की गहरी प्रतिबद्धता परिलक्षित होती है।

Dr. Anil Kumar Roy
Dr. Anil Kumar Roy

कार्यकर्ता और लेखक
डॉ. अनिल कुमार रॉय सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के लिए अथक संघर्षरत हैं। उनके लेखन में हाशिए पर पड़े लोगों के संघर्ष और एक न्यायसंगत समाज की आकांक्षा की गहरी प्रतिबद्धता परिलक्षित होती है।

Articles: 63

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *