मशहूर अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कहा कि अब शादियाँ आउटडेटेड हो गई हैं। मगर शादियाँ हैं कि रूक नहीं रहीं। लोग धूमधाम से शादियाँ कर रहे हैं। अब तो जिसके पास थोड़ा-सा पैसा आ गया, वे शादियों के लिए मैरेज हॉल का इंतजाम कर लेते हैं। ज्यादातर मामलों में पुरुष का दबदबा रहता है। स्त्रियाँ सहयोगनी बनी रहती हैं। समारोहपूर्वक हुई इन शादियों में रुपये-पैसे की तो बर्बादी होती ही है। घर-दरवाजे से संबंध भी पतले होते जाते हैं।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने तीसरी शादी की। पहली शादी वनेसा से 2005 में हुई। उससे पाँच बच्चे हैं। यह शादी 2018 में टें बोल गयी। दोनों एक दूसरे से ऊब चुके थे। 2020 में उसने फाक्स न्यूज के पूर्व एंकर किम्बर्ली गिलफायल से दूसरी शादी की। उससे अलग होने की घोषणा नहीं हुई है कि तीसरी शादी उसने बेटिना एंडरसन से कर ली। एलन मस्क को तो आप जानते ही होंगे। दुनिया के सबसे बड़े पूंजीपतियों में उनकी गिनती है। उन्होंने शादी तो दो की, लेकिन उनके रिश्ते अन्य औरतें से भी हैं। एलन मस्क ने दो महिलाओं से तीन शादियां (जस्टिन विल्सन और तलुलाह रिले से दो-दो बार) की हैं और अब तक उनके कुल 14 बच्चे हैं, जो विभिन्न माताओं से हैं, जिनमें जस्टिन विल्सन, ग्रिम्स और शिवॉन जिलिस प्रमुख हैं और हाल ही में एक लेखिका से भी बच्चे की खबर है, जिससे कुल बच्चों की संख्या 14 तक पहुँच गई है। यह सिलसिला कहां जाकर रूकेगा, कहा नहीं जा सकता। एलन मस्क अभी बूढ़े नहीं हुए हैं। देखने में सुंदर भी हैं और संपत्ति की कोई कमी नहीं है। इस दुनिया में स्त्रियों को आकर्षित करने के लिए तमाम नुस्खे मौजूद हैं।
महाभारत की कहानी कितनी सच है या कितनी झूठ, लेकिन इस कहानी में भीष्म अपने पिता, भाइयों और पोते के लिए स्त्री जुटाते नजर आते हैं। उन्होंने खुद तो शादी की नहीं, लेकिन कठोर प्रतिज्ञा कर पिता शांतनु के लिए सत्यवती का इंतजाम किया और अशक्त भाई विचित्रवीर्य के लिए तीन-तीन कन्याओं का अपहरण कर लिया। काशीराज की ये तीन कन्याएं थीं -अम्बा, अंबिका और अम्बालिका । अम्बा ने तो विद्रोह कर दिया, लेकिन विचित्रवीर्य से अंबिका और अम्बालिका की शादी हुई। विचित्रवीर्य की मौत क्षय रोग से हुई। वंश चलाने के लिए वेदव्यास के माध्यम से नियोग हुआ और तब अंबिका से धृतराष्ट्र और अम्बालिका से पांडु का जन्म हुआ। धृतराष्ट्र तो अंधा था और पांडु पीलिया रोग से ग्रसित। इन दोनों से सहजता पूर्वक कौन शादी करता? भीष्म फिर सक्रिय हुए और धृतराष्ट्र के लिए गांधारी और पांडु के लिए माद्री का इंतजाम किया।
डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर और एलन मस्क की वैवाहिक कथा आधुनिक युग की है और शांतनु, विचित्रवीर्य, धृतराष्ट्र और पांडु की पुरातन। दोनों ही स्थितियों में स्त्रियों की दशा क्या है? जो ताकतवर है, वह किसी को छोड़ सकता है या जबर्दस्ती किसी से जोड़ सकता है। एलन मस्क की दो शादियों के अलावे अन्य स्त्रियों से खुलेआम संबंध हैं और उससे जो संतान हुई हैं, उन्हें अपनी संतान मानते हैं, लेकिन उन स्त्रियों का क्या? जो स्र्तियाँ अपह्रत कर लाई जाती थीं या दबाव बना कर शादी रचाई जाती थीं, उसमें स्त्रियों की कोई औकात तो होती थी नहीं।
महाभारत में जिक्र है कि कुरू वंश में बहुपत्नीत्व की प्रथा है तो पांचाल में बहुपतित्व की। भीष्म बहुपतित्व की आलोचना करते हैं। शादियाँ होती हैं, टूटती हैं। फिर होती हैं, फिर दरकती हैं। आखिर यह सिलसिला क्यों चलता रहता है? लैला कुरुप थी, लेकिन मजनूं कुर्बान हो गया, लेकिन आज संबंध टिक नहीं रहे। दोनों जोड़े सुंदर हैं, लेकिन एक की हत्या एक कर देता है। रिश्तों में भरोसा न हो और देह के प्रति अतिरिक्त आकर्षण हो तो रिश्ते टिकते नहीं।
संवेदना के स्तर पर रिश्ते बने तो वक्त की आँधियाँ झेली जा सकती हैं।

प्रोफेसर, पूर्व विभागाध्यक्ष, विश्वविद्यालय हिन्दी विभाग
पूर्व डीएसडब्ल्यू,ति मां भागलपुर विश्वविद्यालय,भागलपुर







[…] इन दिनों : एलन मस्क, भीष्म और जूनियर ट्र… […]